मुख्यमंत्री साय का बड़ा बयान , भूपेश बघेल को प्रत्याशी बनाये जाने से भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई आसान
राजनाँदगाँव , 23-04-2024 6:10:33 AM
राजनांदगांव 23 अप्रैल 2024 - जिस पर महादेव सट्टा एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा, FIR भी हुआ, उसको कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है. भूपेश बघेल के प्रत्याशी बनने से राजनांदगांव में हमारी जीत और आसान हो गई है. हमारे चुनाव प्रचार की मेहनत कम हो गई है. राजनांदगांव से भाजपा के लोकप्रिय प्रत्याशी संतोष पांडेय पुनः जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने राजनांदगांव शहर में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में ये बातें कही।
सीएम साय ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दी. पहले गंगा मैया का अपमान किया, फिर महादेव के नाम को भी भूपेश बघेल ने नहीं छोड़ा. महादेव सट्टा एप निर्बाध रूप से चले इसके लिए 508 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा, FIR भी दर्ज हुई, जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है. उनको ऐसे हराना है कि राजनांदगांव की तरफ नजर भी न उठा सके. पूरे पांच साल की सरकार में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपमानित करने का काम किया।
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए. भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था. कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया. प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया. नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए. तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया।

















