थाने में जिंदा बेटी को पिता ने ओढ़ाया कफन , ASI सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित , जाने क्या है मामला
मध्य प्रदेश , 24/07/2024 5:03:04 AM
मंदसौर 27 जून 2023 - मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाने में मुस्लिम युवक से प्रेम विवाह करने वाली युवती बयान दर्ज कराने पहुंची थी। इसी दौरान वहां युवती के पिता व अन्य स्वजन भी पहुंचे। सभी ने उसे समझाइश देकर घर चलने को कहा, पर युवती टस से मस नहीं हुई और उसी युवक के साथ रहने की बात कही। इस पर पिता ने थाने में ही सनातन धर्म में महिला की मृत्यु पर अंतिम यात्रा में ओढ़ाया जाने वाला सफेद कपड़ा ( कफन) बेटी पर डाल दिया और माला पहनाकर कहा कि आज से हमारे लिए मर गई।
जानकारी के मुताबिक कयामपुर की रहने वाली युवती एक साल पहले मंदसौर के संजीत नाका निवासी मुस्लिम युवक के साथ चली गई थी। तब स्वजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट नाहरगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। इस दौरान युवती ने अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली और उसके साथ रहने लगी। पुलिस ने युवती का पता लगाया और बयान लेने के लिए उसे थाने बुलाया था। रविवार को युवती के बयान हुए और इसी दौरान उसके स्वजन भी पहुंचे थे।
युवती अपनी एक ही बात पर अड़ी रही कि पति के साथ ही रहूंगी। पुलिस के मुताबिक स्वजनों को बेटी के मुस्लिम युवक से शादी करने पर ऐतराज था। उन्होंने थाने में ही पुलिसकर्मियों के सामने एक बार फिर उसे समझाया। सामाजिक प्रतिष्ठा की दुहाई भी दी। घर वापस लौटने के लिए बहुत मनाया, लेकिन वह परिवार के साथ जाने के लिए राजी नहीं हुई। निराश होकर पिता ने थाने में ही बेटी को सफेद कपड़ा (कफन) ओढ़ा दिया और उसे माला पहनाकर पिता ने कहा आज से बेटी हमारे लिए मर चुकी हैं। इसके बाद युवती अपने पति के साथ चली गई। थाने में हुए इस घटनाक्रम का वीडियो किसी ने बनाया था जो सोमवार से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाने में युवती को सफेद कपड़ा ओढ़ाने का वीडियो बनाने और वायरल करने के मामले में SP अनुराग सुजानिया ने वहां मौजूद स्टाफ की लापरवाही माना है। इसके चलते नाहरगढ़ थाने के SI जगदीश ठाकुर , आरक्षक महेंद्र और भावना नागदा को निलंबित कर दिया है।
















