जांजगीर चाम्पा - जहरीली शराब से तीन लोगों की मौत के मामले में हुई पहली गिरफ्तारी
जांजगीर चाम्पा , 16-05-2023 9:43:16 PM
जांजगीर चाम्पा 16 मई 2023 - जांजगीर चाम्पा जिले के नवागढ़ के रोगदा गांव में शराब पीने के बाद सेना के जवान समेत 3 लोगों की मौत मामले में शराब बेचने वाले किराना दुकानदार को पुलिस ने आईपीसी की धारा 304 के तहत गिरफ्तार किया है और न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया है। आरोपी किराना दुकानदार का नाम हरप्रसाद साहू है, जिसकी दुकान से तीनों व्यक्ति ने शराब खरीदकर पी थी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है और तीनों मृतक के बिसरा को जांच के लिए भेजा जाएगा।
दरअसल, रोगदा गांव में 15 मई सोमवार की सुबह परसराम साहू ने गांव के किराना दुकानदार हरप्रसाद साहू से शराब ली थी और सेना के जवान नन्दलाल कश्यप, उसके साला सतीश कश्यप के साथ शराब पी थी। शराब पीते ही तीनों बेहोश हो गए थे, इस वक्त वहां परसराम साहू का बेटा सूरज मौजूद था। तीनों को नवागढ़ अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने तीनों परसराम साहू, सेना के जवान नन्दलाल कश्यप और उसके साले सतीश कश्यप को मृत घोषित कर दिया था।
















