छत्तीसगढ़ - नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में 10 के छात्र ने फाँसी लगा कर की खुदकुशी
राजनाँदगाँव , 18-04-2023 6:59:03 AM
राजनांदगांव 18 अप्रैल 2023 - राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में स्थित नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार की शाम कक्षा दसवीं के छात्र की फंदे से लटकती लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, नवोदय विद्यालय में कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले छात्र तन्मय सहारे की लाश हॉस्टल में फांसी के फंदे पर लटकने की जानकारी छात्रों ने स्कूल प्रशासन को दी. इसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल और टीचर छात्र को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर डोंगरगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्र तन्मय छुट्टी में अपने घर गया हुआ था, जो आज दोपहर लगभग 1 बजे वापस स्कूल लौटा था और शाम को हाॅस्टल में फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. अब जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि छात्र ने आत्महत्या की है या हत्या है।

















