करणी सेना के नगर मंत्री की सरेआम चाकुुओं से गोदकर हत्या , आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव
मध्य प्रदेश , 24/07/2024 5:03:04 AM
इटारसी 03 सितंबर 2022 - शुक्रवार रात 8:30 बजे शहर के पॉश इलाके सूरज गंज रोड पर नगर पालिका कार्यालय के सामने बदमाशों ने दो युवकों के साथ मारपीट करते हुए जमकर चाकू चलाए। इसमें रोहित राजपूत की मृत्यु हो गई। रोहित करणी सेना का नगर मंत्री था। जैसे ही उसकी हत्या की खबर फैली, करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता थाने पहुंचेे रोहित के शव को सड़क पर रख थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता आरोपितों के मकानों पर बुलडोजर चलाने एवं आरोपितों का नगर में सरेआम जुलूस निकालने की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात हुई चाकूबाजी की घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है, चंद सेकंड के वीडियो में बदमाश दो युवकों पर चाकू से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वारदात तब हुई जब शहर के पुलिस अधिकारी कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए गश्त पर निकलने का दावा कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों की गस्त करते हुए फोटो भी इंटरनेट वीडियो पर वायरल हुई थीं, पुलिस के दावों की कलई खोलते हुए बेखौफ बदमाशों ने सिंधी कॉलोनी के के पास चाकूबाजी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चाकूबाजी में रोहित राजपूत एवं सचिन पटेल नामक युवक जख्मी हुए हैं, इनमें रोहित की हालत गंभीर बताई गई थी और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
















