साढ़े चार घंटे तक जंगल में खड़ी रही मोदी सरकार की निगरानी वाली VIP एक्सप्रेस ट्रेन , जाने वजह
मध्य प्रदेश , 08-07-2022 11:23:42 PM
इटारसी 08 जुलाई 2022 - दक्षिण भारत से लौट रही रामायण एक्सप्रेस पर्यटन ट्रेन गुरुवार को इटारसी जंक्सन के पास जंगल में छोटे स्टेसन कीरतगढ़ पर साढ़े चार घंटे खड़ी रही। ट्रेन को नागपुर रेल मंडल ने निर्धारित समय से पहले रवाना कर दिया था। निर्धारित समय के अनुसार इस ट्रेन को गुरुवार शाम 05 बजे इटारसी और 07 बजे भोपाल पहुंचना था, लेकिन ट्रेन नागपुर से चलकर साढ़े चार घंटे पहले ही दोपहर करीब 12 बजे इटारसी आउटर कीरतगढ़ - ताकू में आ गई थी।
इटारसी स्टेसन के प्लेटफार्म पर साढ़े चार घंटे तक ट्रेन को खड़ी रखना संभव नहीं था। इस कारण रामायण एक्सप्रेस को करीब साढ़े चार घंटे जंगल के एक छोटे स्टेशन कीतरगढ़ पर खड़ा किया गया। शाम 5:08 मिनट पर इस ट्रेन को इटारसी के प्लेटफार्म दो पर लिया गया, यहां से 5:24 मिनट पर ट्रेन को रवाना किया गया। इस ट्रेन में करीब 156 यात्री सवार हैं। यह ट्रेन दिल्ली , जबलपुर , इटारसी होकर पिछले दिनों दक्षिण भारत के पर्यटन स्थलों के लिए गई थी।
सूत्रों के अनुसार रेलवे बोर्ड और मोदी सरकार की निगरानी वाली इस वीआइपी ट्रेन का पूरा प्लान पहले से तय था, इसके बावजूद ट्रेन को नागपुर से पहले चला दिया गया। ट्रेन में नागपुर से यातायात निरीक्षक रेलवे भी साथ आए थे। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि हमारे पास इस ट्रेन को खड़ी करने की गुंजाइश नहीं थी, इसी वजह से इसे आउटर पर खड़ा करना पड़ा। भोपाल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि नागपुर मंडल में कोई वजह रही होगी, तभी इसे समय पूर्व चलाया गया।
इटारसी आउटर पर आने के बाद चालक दल रोेक - रोक कर इसे स्टेशन तक लाए, इसके बावजूद श्रद्धालुओं को जंगल में साढ़े चार घंटे बेवजह इंतजार करना पड़ा। इधर समय पूर्व ट्रेन के इटारसी आगमन को लेकर आरपीएफ और जीआरपी का खुफिया विभाग एवं पुलिस बल सतर्क रहा। ट्रेन के इटारसी आने पर अधिकारियों ने ट्रेन को अटेंड किया, साथ ही सुरक्षा जांच समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी कर इसे रवाना किया। यह ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है।
















