राहुल को लेकर अपोलो हॉस्पिटल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन , डॉक्टरों ने कही यह बड़ी बात
बिलासपुर , 19-06-2022 5:44:22 AM
बिलासपुर 18 जून 2022 - छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अपोलो हॉस्पिटल में ईलाज के लिए भर्ती राहुल साहू ने डॉक्टरों को आश्चर्य में डाल दिया है. डॉक्टरों का कहना है कि 104 घंटे 60 फीट की गहराई में फंसने के बाद मात्र 72 घंटे में ही राहुल के स्वास्थ्य में जो सुधार देखने को मिल रहा है, वह अन्य बच्चों की अपेक्षा काफी अधिक है. इसे दुआ कहें या दवाइयों का असर पर राहुल के स्वास्थ्य की स्थिति अब काफी ज्यादा बेहतर है।
राहुल साहू के स्वास्थ्य को लेकर अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से शनिवार को मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया है सीनियर कंसलटेंट डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि राहुल अब तक करीबन 50 प्रतिशत रिकवर हो चुका. सीनियर कंसल्टेंट डॉ. इंदिरा मिश्रा ने राहुल के ईलाज की प्रक्रिया को बताते हुए कहा कि अपोलो हॉस्पिटल का पूरा स्टाफ राहुल के इलाज के लिए जुटा हुआ है।
उन्होंने बताया कि राहुल को ठीक करने होलिस्टिक हीलिंग की विशेष पद्धति को उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे वह शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी स्वस्थ हो सके. उसके अलावा फिजियोथैरेपी भी की जा रही है. डॉक्टरों ने बताया कि राहुल ने शनिवार को बिस्तर में बैठकर खाना खाया है. उन्होने बताया कि राहुल के शरीर में फैले इंफेक्शन की जांच अगले 48 घंटे में जांच की जाएगी. रिपोर्ट नार्मल आने पर उसे 7 दिनों के अंदर छुट्टी दे दी जाएगी।
















