अब अगर टेप नल से टुल्लू पम्प के जरिये पानी की चोरी किये तो होगी FIR दर्ज , फिर जाना पड़ सकता है जेल
रायपुर , 25-03-2022 10:07:09 AM
रायपुर 25 मार्च 2022 - गर्मी के मौसम में पेयजल की किल्लत दूर करने की कवायद में नगर निगम प्रशासन जुटा हुआ है। यही नहीं शत प्रतिशत नागरिकों को भरपूर पानी देने के लिए अब पानी के पाइप लाइनों की भी निगरानी की जाएगी। जिन क्षेत्रों के घरों में नल की धार कम पाए जाने की शिकायत मिलने पर उस इलाके के सभी घरों में छापामारी कर यह जांच किया जाएगा कि कही टुल्लू पंप से पानी तो नहीं खींचा जा रहा है। पंप से पानी चोरी करते पाए जाने पर पंप की जब्ती के साथ ही पानी चोरी करने का मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
गर्मियों में शहरवासियों तक भरपूर पानी पहुंचाने के लिए निगम के जलकार्य विभाग के भारसाधक सदस्य सतनाम सिंह पनाग ने बुधवार को नगर निगम के जल कार्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने सभी पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नलों में पंप लगाकर पानी खींचने शिकायतों पर वे नाराज होने के साथ ही चिंतित भी दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पानी का बहुत दुरुपयोग करते हैं। यहां तक कि वाहनों के साथ सड़कों और पेड़-पौधों की भी बेवजह धोते हुए दिखाई देते हैं। यह पानी का व्यर्थ अपव्यय है।
पंप लगाकर पानी खींचने के कारण पड़ोस के लोग पीने के पानी के लिए तरसते रहते हैं। इसी मुद्दे पर सतनाम सिंह पनाग ने सभी जोनों में छापामार दस्ता बनाकर पानी चोरों के खिलाफ छापामारी की कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
















