छत्तीसगढ़ के पूर्व और वर्तमान सी एम के बीच छिड़ा ट्विटर वार , पढ़े पूरी खबर ,,
छत्तीसगढ़ , 06-07-2020 12:25:40 AM
रायपुर 05 जुलाई 2020 - पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री के बीच इन दिनों ट्विटर वार छिड़ा हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधते हुए एक ट्वीट कर पांच बिंदुओं पर सवाल उठाया है।
रमन सिंह ने ट्वीट कर सीएम भूपेश बघेल से पूछा है कि चुनाव के पहले झीरम घाटी के सबूत, रोजगार के लिए ब्लू प्रिंट, शराबबंदी के लिए योजना, रोजगार भत्ते के लिए पैसे और किसानों को 2500 रुपए समर्थन मूल्य देने के लिए पैसे थे।
लेकिन चुनाव के बाद से जब से भूपेश बघेल सरकार में आए हैं उनके पास देने लिए इनमें से कुछ भी नहीं है। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी चुटकी ली।
आपको बता दें 2018 में भूपेश बघेल ने ट्वीट करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को करारा जवाब दिया था।
सीएम भूपेश ने उस वक़्त लिखा था कि बेरोजगारी दूर करना सिर्फ चुनावी नारा नहीं होना चाहिए जुमला तो हरगिज नहीं होना चाहिए । छत्तीसगढ़ कांग्रेस बेरोजगारी दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है और पूरे ब्लू प्रिंट के साथ तैयार भी है। युवा साथियों के लिए बस थोड़े और दिन का इंतजार है।
बस क्या था अब उनके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने भूपेश बघेल को सवालों के घेरो में लिया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही एक युवक ने बेरोजगारी से परेशान होकर राजधानी रायपुर में सीएम हाउस के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी। बुरी तरह झुलसे युवक का अभी भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिसके बाद बेरोजगारी के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। न सिर्फ विपक्ष बल्कि सत्ता पक्ष के एक कैबिनेट मंत्री ने भी ट्विटर के जरिए अपनी ही सरकार की नीति पर सवाल उठा दिया है।














