छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर , महिला बैंक कर्मी गिरफ्तार , पुणे से हुई गिरफ्तारी , लगे है गंभीर आरोप
रायपुर , 20-02-2022 12:45:12 AM
रायपुर 19 फरवरी 2022 - तिल्दा के रिटायर्ड शिक्षक से धोखाधड़ी करने वाली महिला बैंककर्मी को राजधानी पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। महिला बैंककर्मी सुष्मिता सहित इस मामले में चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला दो साल पहले का है। शिक्षक ने इनसइंड बैंक में सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी पेंशन की पूरी राशि जमा कराई थी। रुपये जमा करने के बाद बैंक की तरफ से एक ATM कार्ड रिटायर्ड शिक्षक को दिया गया था, लेकिन बाद में शिक्षक ने बैंक को ये ATM कार्ड यह कह कर वापस कर दिया कि उसे ATM कार्ड का उपयोग करने नहीं आता है।
ATM कार्ड वापस करने के बाद बैंक कर्मी सुष्मिता ने बिना बैंक को बताए ही वो ATM कार्ड अपने पास रख लिया। इनके बाद वो उस ATM कार्ड से रुपये निकालती रही। इस बात की जानकारी जब पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक को हुई तो वो बैंक के अधिकारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन बैंक अधिकारियों द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।
इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत तिल्दा थाने में दर्ज कराई थी। उस समय तत्कालीन टीआई चंद्रा के द्वारा भी इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया तो पीड़ित ने एसपी , आईजी और डीजीपी से इसकी शिकायत की थी। मामले में कार्रवाई नहीं होता देख पीड़ित ने अदालत की शरण ली थी। दो माह पूर्व अदालत के आदेश पर तिल्दा थाने ने इनसइंड बैंक की महिला कर्मी सहित पांच लोगों के खिलाफ़ 420 का अपराध दर्ज किया था।
















