छत्तीसगढ़ - महिला पंच की पेड़ पर लटकती लाश मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
अंबिकापुर 08 जून 2026 - लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमगसी बूढ़ा नवापारा में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला पंच का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान सनीता पैकरा (25 वर्ष), पति आलोक पैकरा, निवासी ग्राम अमगसी के रूप में हुई है। वह ग्राम पंचायत में पंच थीं।
परिजनों के अनुसार, सनीता पैकरा रविवार तड़के लगभग 5 बजे घर से यह कहकर निकली थीं कि वह जंगल से लकड़ी लेने जा रही हैं। इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं लौटीं, जिससे परिजन उनकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की, जिसके बाद गांव के पास स्थित जंगल में एक पेड़ से सनीता पैकरा का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
















