नशीली दवा खिला कर नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म , सभी आरोपी फरार ,,
देश , 20-09-2020 5:49:24 PM
हनुमानगढ़ 20 सितम्बर 2020 - राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के सांगरिया थाना क्षेत्र में 17 साल की नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह सामान लेने बाजार गई थी। इस दौरान पास ही रहने वाले दो युवक बलदेव और जसबीर बाइक पर आए और बोले कि तुम्हारी मां चक्कर आने के कारण गिरकर बेहोश हो गई है , इसके बाद पीड़िता दोनों के साथ बाइक पर बैठ गई। दोनों युवक पीड़िता को नहर पर ले गए। वहां उससे जबरदस्ती करने लगे। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसे जबरन नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद दोनों बाइक पर ही पीड़िता को सादुलशहर ले गए। यहां दो और युवक पवन और संदीप आ गए। इसमें से बलदेव, जसबीर और संदीप ने युवती को पवन के हवाले कर दिया।
पवन ने किसी घर में ले जाकर युवती से दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी एक आरोपी संदीप के पिता को मिली तो उन्होंने पीड़िता के परिवार को सूचना दी। इसके बाद पीड़िता को घर लाया गया। उसके बाद परिवार ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है।














