छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला , IMD ने जताई भारी बारिश की आशंका
रायपुर , 2023-09-08 19:25:16
रायपुर 08 सितंबर 2023 - छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव चल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते तापमान में गिरावट आई है। इसके साथ ही बारिश होने से किसान भी खुश नजर आ रहे हैं। आज सुबह से रायपुर में हल्के बादल छाए हैं। दोपहर के बाद यहां फिर से हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। आज प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी रायपुर मौसम विभाग से मिली है।
मौसम वैज्ञानिक संजय बैरागी ने बताया कि मानसून द्रोणिका दक्षिण पूर्व और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक 2.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात दक्षिण अंदरूनी ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. एक पूर्व पश्चिम विंडशियर जोन 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है. जिसके प्रभाव से आज प्रदेश में बारिश हो सकती है।