भाजयुमो ने राजधानी रायपुर में किया जमकर बवाल , पुलिस के साथ हुई झूमाझटकी
रायपुर , 09-05-2023 12:54:12 AM
रायपुर 08 मई 2023 - छत्तीसगढ़ में भाजपा युवा मोर्चा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आज राजधानी रायपुर में रोजगार कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया है। साथ ही बेरोजगारी भत्ता के नियमों को शिथिल करने की मांग की गई।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रोजगार कार्यालय के सामने लगे बेरिकेड से आगे बढ़ने की कोशिश की. इस दौरान कार्यकर्ताओ और पुलिसकर्मियों में झूमाझटकी भी देखने को मिली है।
भाजयुमो नेताओं का कहना है कि, राज्य की कांग्रेस सरकार ने पिछले 4 सालों से युवाओं को ठगा है. युवाओं ने मतदान देकर काँग्रेस को सत्ता में लाया, प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ी है. वे रोजगार की तलाश में भटक रहे है।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने कहा कि, प्रदेश में जितने भी बेरोजगार है उनको बेरोजगारी भत्ता मिलनी चाहिए। रोजगार कार्यालयों में जितने भी पंजीकृत बेरोजगार है सभी को बेरोजगारी भत्ता मिलना चाहिए। नियम इतने जटिल है कि बेरोजगारों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा. ये भत्ता केवल चुनावी एजेंडा है, युवाओं के साथ धोखाधड़ी ठीक नहीं है।
















