बिलासपुर 11 अगस्त 2026 - शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में शराब दुकान परिसर के अंदर एक ऑटो चालक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार शाम हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गाली-गलौज को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि धमकी का विरोध करने पर आरोपी ने ऑटो चालक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाईक से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। मृतक की पहचान शिवनंदन साहू पिता शंभू साहू, उम्र 56 वर्ष, निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है।
बताया गया है कि शिवनंदन साहू सोमवार शाम करीब 5 बजे तोरवा क्षेत्र स्थित शराब भट्ठी परिसर में पहुंचा था। उसने अपना ऑटो परिसर में खड़ा किया और वहां शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक साथी के साथ विवाद हो गया। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान मृतक ने कथित तौर पर अपने साथी को गाली दी और उसे अपने पास बुलाया। गाली देने की बात से आरोपी नाराज हो गया।
दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार निकाल लिया और शिवनंदन साहू के गले पर लगाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। मृतक ने आरोपी की धमकी का विरोध किया। उसने कथित तौर पर आरोपी से कहा कि वह उसे कैसे जान से मारेगा। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि आरोपी ने आवेश में आकर धारदार हथियार से शिवनंदन साहू के गले पर जोरदार वार कर दिया। हमले में उसके गले में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा।









