मनेन्द्रगढ़ 20 अगस्त 2026 - छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र से महिला के साथ दुष्कर्म और उसे जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवक एक महिला को जबरदस्ती वाहन में बैठा कर बरतुंगा जंगल ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के शरीर पर शराब छिड़ककर उसे आग लगाने की कोशिश की।

हालांकि, बारिश के कारण माचिस गीली होने से आग नहीं जल सकी। इसी दौरान महिला आरोपियों के चंगुल से किसी तरह भाग निकली और सीधे चिरमिरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के मुताबिक, दोनों युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और बरतुंगा जंगल की ओर ले गए। सुनसान इलाके में पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसके मुंह में शराब डालने के साथ ही शरीर पर शराब छिड़क दी और उसे आग लगाने का प्रयास किया।

पीड़िता के अनुसार, जिस समय आरोपी उसे जलाने की कोशिश कर रहे थे, उस दौरान बारिश हो रही थी। बारिश की वजह से माचिस गीली हो गई और आग नहीं जल सकी। इसी बीच महिला को भागने का मौका मिल गया। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकल कर वहां से भागी और सीधे पुलिस थाने पहुंची। 

घटना की सूचना मिलने के बाद चिरमिरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के बयान समेत घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पीड़िता के आरोपों के मुताबिक घटना में शामिल दोनों युवक फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में जुटी है।