कवर्धा 03 अगस्त 2026 - कवर्धा जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता महिला का कंकाल जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने महिला की पहचान उसकी चूड़ियों और अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर की। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस के मुताबिक ग्राम चौरा निवासी झंगल बैगा ने 01 अगस्त को भोरमदेव थाने में अपनी पत्नी चैती बाई बैगा (28) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार चैती बाई 26 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की।

तलाश के दौरान महिला के घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल-झाड़ियों में एक सेन्हा पेड़ की डाली पर उसकी साड़ी का एक सिरा बंधा मिला। सूचना मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।