बिलासपुर 25 सितंबर 2026 -  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां सामान्य सभा की बैठक चल रही थी और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक (कर्मचारी) लक्ष्मीकांत कोका को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सरकंडा राजकिशोर नगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने मकान के नवीनीकरण से जुड़ी फाइल के सिलसिले में संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका से संपर्क किया था। इस काम को करने के एवज में आरोपी लिपिक लक्ष्मीकांत कोका ने प्रार्थी से 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की शिकायत ACB के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय में दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आज कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही प्रार्थी ने निगम कार्यालय पहुंचकर आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम सौंपी, वहां पहले से ही मुस्तैद ACB की टीम ने लिपिक लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपए के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है और ACB उससे पूछताछ में जुटी हुई है।

ACB के छापे की खबर फैलते ही निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और बैठक में मौजूद नेताओं के बीच सनसनी फैल गई। हर तरफ इसी कार्रवाई की चर्चा होने लगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी लिपिक लक्ष्मीकांत कोका का नाम इससे पहले संपदा शाखा से महत्वपूर्ण फाइलें गुम होने के मामलों में भी सामने आ चुका है।