दुर्ग 21 अगस्त 2026 - साजा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गृह एवं जेल रहे लाभचंद बाफना का मोबाइल फोन हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकर ने उनके मोबाइल में सेव संपर्क नंबरों तक पहुंच बनाकर कई लोगों से पैसे की मांग शुरू कर दी। मोबाइल से जुड़े लोगों को अलग अलग मैसेज भेजकर आर्थिक मदद अथवा पैसे भेजने के लिए कहा जा रहा है।
पूर्व विधायक बाफना के प्रतिनिधि ने नंदिनी नगर थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और मोबाइल हैक करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में मोबाइल फोन को हैक किए जाने तथा उसमें मौजूद संपर्क नंबरों के माध्यम से पैसों की मांग किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मोबाइल फोन किस तरह हैक हुआ और हैकर ने किस माध्यम से मोबाइल में मौजूद संपर्कों तक पहुंच बनाई।
साथ ही, किन-किन नंबरों पर संदेश भेजे गए और कितने लोगों से पैसे की मांग की गई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल हैक करने वाले व्यक्ति अथवा गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मोबाइल हैक होने के बाद बाफना के संपर्क में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि उनके नाम या मोबाइल नंबर से किसी व्यक्ति को पैसे भेजने का संदेश प्राप्त होता है तो बिना पुष्टि किए किसी भी खाते या यूपीआई नंबर पर राशि नहीं भेजने की अपील की गई है। ऐसे किसी भी संदेश की जानकारी सीधे बाफना या पुलिस को देने को कहा गया है।
फिलहाल नंदिनी नगर पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मोबाइल हैक करने वाले व्यक्ति और पैसे की मांग के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकेगा।












