बेमेतरा 13 अगस्त 2026 - बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कमकावड़ा में बुजुर्ग दंपत्ति की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब 60 वर्षीय बलिराम साहू और उनकी पत्नी का शव घर में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या किसी धारदार हथियार या अन्य घातक वस्तु से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के तरीके और वारदात में इस्तेमाल हथियार को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे आपसी विवाद, संपत्ति विवाद, रंजिश या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या किसने और किस वजह से की।