बिलासपुर 20 अगस्त 2026 - चलती बस और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले कथित गिरोह का रतनपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की सात महिलाओं समेत नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और फरार महिला की तलाश में जुटी है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
कोटा SDOP नुपूर उपाध्याय के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 2 अगस्त को भगवान राम अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा लौट रहे थे। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। बस में भीड़ होने के कारण दंपती को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे।
इसी दौरान शनिचरी चौक रतनपुर के पास कुछ महिलाओं ने गीता प्रधान के साथ जानबूझकर धक्का-मुक्की की और उन्हें घेर लिया। कुछ देर बाद महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने पर जब गीता को सीट मिली और उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर महिलाओं ने चेन चोरी की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कोनकोना निवासी के रूप में हुई। इसके बाद रतनपुर पुलिस की टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।कार्रवाई में सात महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम..
अंजली गिरी
लोहारिन बाई
सुनीता गिरी
रामबाई
प्रीती गिरी
शिवानी गिरी
देवी गिरी
नरेश गिरी
राम गिरी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।












