दुर्ग 07 अगस्त 2026 - दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर महिला शिक्षिका को पिस्टल के बल पर लूट लिया। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने धक्का-मुक्की की, जिसमें शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका योगिता ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से ई-रिक्शा का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर शिक्षिका को डराया और लूटपाट शुरू कर दी। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है जिससे बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी अब खुलेआम हथियार के दम पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।