बिलासपुर 18 सितंबर 2026 - बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को चपेट में ले लिया। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है। तीनों भाई अपनी गर्भवती बेटी का हालचाल जानने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार माजदा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम भटगांव के रहने वाले बरातु दास मानिकपुरी अपने दो भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है। तीनों उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद तीनों भाई घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक क्रमांक CG 10 X 7988 खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही माजदा क्रमांक CG 10 C1868) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया वहीं, तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने माजदा वाहन जब्त कर फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।