कवर्धा 20 अगस्त 2026 - कवर्धा जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मोपेड सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर डोमसरा गांव के पास बिजली ऑफिस के सामने हुआ। मृतका की पहचान 35 वर्षीय फुलेश्वरी निर्मलकर निवासी डोमसरा के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक फुलेश्वरी निर्मलकर अपने पिता के साथ खेत में काम करने के बाद मोपेड बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फुलेश्वरी सड़क पर जा गिरीं और गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना कुंडा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।












