दुर्ग 02 अगस्त 2026 - भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से जुड़े चर्चित लोहा चोरी मामले में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा ने भिलाई जिला अंतर्गत वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी निष्कासन आदेश में कहा गया है कि यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी। भाजपा संगठन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रदेश संगठन के निर्देश और जिला संगठन प्रभारी श्री रामजी भारती की सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया।

पार्टी ने बताया कि भास्कर मुदलियार को भिलाई इस्पात संयंत्र के लोहा चोरी से संबंधित प्रकरण में संलिप्त पाए जाने और न्यायालय द्वारा आरोपित घोषित किए जाने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निष्कासित किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी अपने संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं की छवि को लेकर गंभीर है। किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता के खिलाफ ऐसे मामले सामने आने पर पार्टी नियमानुसार कार्रवाई करती है। 

भाजपा के इस निर्णय को संगठन की अनुशासन नीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगने और न्यायिक प्रक्रिया में मामला सामने आने पर संगठन स्तर पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि भिलाई स्टील प्लांट में लोहा चोरी का मामला पिछले कुछ समय से सुर्खियों में है। पुलिस इस मामले में चोरी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच के दौरान कई लोगों की भूमिका सामने आने के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है।