दुर्ग 25 अप्रैल 2026 - छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला ने अचानक घर में प्रवेश कर धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घर में मौजूद एक अन्य बच्चे ने किसी तरह बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक नितेश यादव के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी आरोपी महिला आरक्षक के घर आई थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद आपसी रंजिश और गुस्से में महिला ने अगले दिन इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।








