दुर्ग 03 जून 2022 - भिलाई के मरोदा ओवरब्रिज से दो बहनों ने छलांग लगा दी। इसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों बहनें घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं। अभी तक खुदकुशी का कारण सामने नहीं आ सका है। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।
नेवई थाना प्रभारी ममता शर्मा ने बताया कि डुमरडीह की रहने वाली प्रियंका बांधे (18) और उसकी 16 साल की चचेरी बहन ने गुरुवार दोपहर मरोदा ओवर ब्रिज से छलांग लगा दी है। प्रियंका शासकीय कॉलेज उतई में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। छोटी बहन 10वीं की छात्रा है। दोनों बहने बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।
वहां से दोनों मैत्री गार्डन चली गईं। वहां से दोनों बस से लौटते समय मरोदा ओवर ब्रिज पर उतर गईं। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता दोनों साथ ही ब्रिज से नीचे कूद गईं। दोनों को कूदते देख आसपास के दुकान वाले उन्हें बचाने दौड़े। इसके बाद 112 में कॉल करके सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
छोटी बहन की रीढ़ की हड्डी टूटने और अंदरुनी चोट आने से उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा है। इस मामले में नेवई टीआई का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। छोटी बहन के बोलने की स्थिति में आने पर ही सही कारण पता चल पाएगा।









