छत्तीसगढ़ - महादेव सट्टा एप कांड में EOW का 29 ठिकानों पर छापा , आरक्षक गिरफ्तार , हवलदार का घर सील
रायपुर , 10-05-2024 2:00:03 AM
रायपुर 09 मई 2024 - महादेव सट्टा मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अर्जुन यादव है। EOW ने उसे मध्य प्रदेश के पचमढ़ी से पकड़ा है। अर्जुन यादव दुर्ग जिला बल का आरक्षक है। महादेव सट्टा एप में नाम आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था।
अर्जुन लंबे समय से फरार चल रहा था। EOW के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसकी तलाश में थी। अर्जुन यादव इस मामले में पहले पकड़े गए आरक्षक भीम यादव का भाई है। भीम यादव अभी जेल में है। बता दें कि ED के बाद अब इस मामले की EOW जांच कर रही है।
EOW ने इसी मामले में चरामा (कांकेर) में पदस्थ हवलदार विजय कुमार पांडेय का मकान सील कर दिया है। अफसरों के अनुसार हवलदार के खिलाफ कोर्ट से तलाशी वारंट जारी हुआ है, लेकिन विजय पांडेय का घर लगातार बंद मिल रहा था। इस वजह से उसे आज सील करके नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
EOW ने छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में 29 स्थानों पर दबिश दी है। एजेंसी की तरफ से बताया कि आज दुर्ग में 18 स्थानों पर, रायपुर में 07 स्थानों पर, बलौदा बाजार में 02 जगह, रायगढ़ एवं कांकेर 1-1 स्थान पर कुल 29 स्थानों और उनसे संबंधित प्रतिष्ठान्नों पर छापे की कार्यवाही की गई। तलाशी में महादेव एप से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज, हवाला से संबंधित पर्चियां, बैंकों से सबंधित कागजात एवं अन्य संदेहास्पद दस्तावेज बरामद हुए जिनका परीक्षण किया जा रहा है।
















