छत्तीसगढ़ में दशहरे पर बारिश लगाएगा ग्रहण , प्रदेश के इन इलाकों में भारी वर्षा के आसार , मौसम विभाग का अलर्ट
रायपुर , 05-10-2022 9:29:59 PM
रायपुर 05 अक्टूबर 2022 - द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है और बीते दो दिनों से वर्षा हो रही है। इसके चलते अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई है और मौसम में भी ठंडकता आई है।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी प्रदेश भर में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है,लेकिन प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इस प्रकार ही बना रहेगा। प्रदेश में इस वर्षा मानसून सीजन में वर्षा काफी अच्छी रही और एक जून से लेकर 30 सितंबर तक 1274 मिमी से अधिक वर्षा हुई,जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। हालांकि अब कुछ दिनों में देश भर से मानसून की विदाई होने के भी आसार बने हुए है।
मंगलवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दोपहर को फिर से मौसम में बदलाव हुआ और रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। मौसम का मिजाज बिगड़ने के कारण अब अधिकतम व न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट रहेगी।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है। साथ ही एक द्रोणिका निम्न दाब के केंद्र से उत्तर प्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए 3.1 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से ही बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
















