पिछले 03 साल में इतने हजार करोड़ का शराब गटक गए छत्तीसगढ़ के मदिरा प्रेमी , आबकारी मंत्री ने पेश किया चौकाने वाले आँकड़े
रायपुर , 22-07-2022 4:29:04 PM
रायपुर 22 जुलाई 2022 - शराब एक ऐसी चीज है जिसके जरिये सरकार सबसे ज्यादा राजस्व कमाती है। राज्य सरकारों को इससे कई मुनाफ़ा होता है। आज विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी शराब का विषय एक मुद्दा रहा। इस मामले में आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किये हैं। दरअसल साल 2019 से लेकर 2022 में अब तक शराब की बिक्री से प्राप्त राजस्व के आंकड़ों के लिए विधायक रंजना दीपेंद्र साहू ने सदन में उठाया था।
सवाल का जवाब देते हुए आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने बताया कि पिछले 3 साल में शराब की खपत कर सरकार ने 15 हजार करोड़ से अधिक की कमाई की है। प्रदेश में साल 2019-20 में 4952.79 करोड़ रुपए, साल 2020-21 में 4636.90 करोड़ रुपए और साल 2021-22 में 5110.15 करोड़ रुपए शराब से राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त 2022-23 की स्थिति में 01 अप्रेल से 31 मई तक 832.26 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
विधायक ने इसी के साथ शराब दुकानों की जानकारी व शराबबंदी के बारे में भी प्रश्न पूछा जिसके जवाब में मंत्री ने बताया कि शराब बंदी के लिए तीन कमेटियां बनाई गई है इनमें राजनीतिक समिति, प्रशासनिक समिति और सामाजिक समिति शामिल है। इन समितियों की रिपोर्ट के बाद प्रदेश में पूर्णशराबबंदी के लिए निर्णय लिया जाएगा।
आबकारी मंत्री ने बताया कि, प्रदेश में 185 देशी मदिरा दुकान, 303 विदेशी मदिरा दुकान व कम्पोजिट मदिरा की 153 व प्रीमियम विदेशी मदिरा की 25 दुकानें संचालित हो रही हैं।
















