छत्तीसगढ़ - आरक्षक दूल्हे को प्रेमिका ने किया शादी के मंडप से किडनैप , शादी समारोह में मचा हड़कंप
cgwebnews.in
कांकेर 13 मई 2024 - नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में शादी समारोह में जमकर बवाल मच गया। यहां शादी के मंडल में दुल्हन के साथ सात फेरे लेने से ठीक पहले दुल्हे की प्रेमिका आ धमकी और बीच शादी समारोह से ही दुल्हे को उठाकर अपने साथ ले गयी। इस घटना को देख घराती साथ ही बाराती भौचक्के रहे गये। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जमकर विवाद भी हुआ। देर रात तक चले रिश्तेदारों व सामाजिक जनों की बैठक के बाद दोनों पक्षों ने शादी को रद्द किया गया। मामला जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम कोकपुर का है।
मामला 10 मई का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राम कोकपुर में मगरलोड तहसील के ग्राम साजाडीह से एक पुलिस आरक्षक की बारात आई थी। शाम को बारात स्वागत के बाद सभी घराती और बाराती के लोग स्टेज में पहुंचे। जहां शादी की वैधानिक विधि के अनुरूप टिकावन का कार्यक्रम किया जा रहा था। टिकावन के रस्म के बाद शादी के अन्य रस्मों को पूरा करने दूल्हा और दुल्हन को मंडप में बिठाया गया। परंपरा अनुसार सभी रस्मों को पूरा करते हुए दूल्हा-दुल्हन 7 फेरे लेने की तैयारी कर ही रहे थे।
तभी दुल्हे की प्रेमिका शादी के मंडप पर आ धमकी और दूल्हे को उठाकर अपने साथ ले जाने लगी। यह सब देख सब भौचक्के रह गए और शादी समारोह में एकाएक विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि दुल्हे की प्रेमिका ने लड़के पर धोखे से शादी करने का आरोप लगाते हुए खुद के साथ अफेयर की जानकारी सभी को दी।
जिसके बाद शादी समारोह स्थल पर बैठे घराती व बारातियों ने इसका विरोध भी किया गया। लेकिन युवती नहीं मानी और दूल्हे को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी रही। जब युवती से दूल्हे को उठाकर ले जाने का कारण पूछा गया, तो उसने बताया कि तीन साल से उसका प्रेम संबंध चल रहा है। शादी की बात को उसके प्रेमी ने छुपाकर रखा था।